बैतूल : महिला को फेसबुक पर अश्लील संदेश भेजने के आरोप में शिक्षक अरेस्ट

0

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की गंज थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक महिला को लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 23 नवंबर 2025 को गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक फेसबुक आईडी से उसे लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 423/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 78(2), 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 और 67ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 03 अगस्त 2026 को टेलीफोन कॉलोनी क्षेत्र से आरोपी जितेन्द्र उर्फ जिम्मी नरवरे (42), निवासी गंज को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने महिला की सोशल मीडिया आईडी पर अश्लील संदेश भेजने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शाहपुर तहसील के शासकीय माध्यमिक विद्यालय कोदर में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, प्रधान आरक्षक मंतराम सरयाम, प्रधान आरक्षक चन्द्रशेखर हिगवे, प्रधान आरक्षक मयूर तथा आरक्षक मनोज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों से सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी सोशल मीडिया मंच पर अश्लील, अभद्र, धमकीपूर्ण अथवा आपत्तिजनक संदेश प्राप्त हों तो उन्हें नजरअंदाज न करें। ऐसे संदेशों के स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखते हुए तत्काल निकटतम पुलिस थाने, साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा डायल-112 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए बैतूल पुलिस लगातार सतर्क और प्रतिबद्ध है।