अजमेर में भारत जोड़ों यात्रा की पहली वर्षगांठ पर निकाली पदयात्रा

अजमेर। राजस्थान में अजमेर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से आज राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की “भारत जोड़ों यात्रा की पहली वर्षगांठ पर पदयात्रा का आयोजन किया गया।

अजमेर में केसरगंज बाबू मौहल्ले स्थित कांग्रेस कार्यालय से अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व मे पदयात्रा का आगाज हुआ, जिसमें राज्य की उद्योग एवं देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत तथा राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने भी शिरकत की।

पदयात्रा बाबू मोहल्ले कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर शहर विभिन्न हिस्सों केसरगंज, पड़ाव, सिनेमा रोड, मदारगेट, स्टेशन रोड होती हुई गांधी भवन पहुंची। जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने की बात कही गई।

प्रदेश की उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है। उन्होंने पदयात्रा के दौरान गरीबों को नजदीक से देखा, उनसे मुलाकात की और उनके दुखदर्द में शरीक हुए।

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी का संघर्ष व्यर्थ नहीं जायेगा। हम सभी कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़े होकर देश को बचाने में एकजुटता से साथ निभाएंगे।

पदयात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक डा. श्रीगोपाल बाहेती के अलावा अनेक पार्षद, महिला कांग्रेस व युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कुछ कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ी टीशर्ट पहन रखी थी तथा राहुल गांधी व कांग्रेस समर्थित नारे लगा रहे थे।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर 4000 किलोमीटर से ज्यादा पैदल चलकर नवीन ऊर्जा का संचार किया था और आज उसी यात्रा की पहली वर्षगांठ मनाई गई।