अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में आरोपियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

0

प्रयागराज। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सीबीआई अथवा एसआईटी जांच की मांग संबंधी याचिका पर सुनवाई करते हुए आरोपियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 22 मई को निर्धारित की है।

जस्टिस सिद्धार्थ और जस्टिस विनय कुमार द्विवेदी की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता को निर्देश दिया कि याचिका की प्रति आरोपियों को तामील कराई जाए। कोर्ट ने सारनाथ थाना प्रभारी से काउंटर एफिडेविट भी मांगा है।

अदालत ने स्पष्ट कहा कि यदि थाना प्रभारी अगली सुनवाई से पूर्व काउंटर एफिडेविट दाखिल नहीं करते हैं, तो उन्हें 22 मई को सुबह 10 बजे व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित होना होगा। साथ ही कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर वाराणसी को निर्देश दिया कि वह सुनिश्चित करें कि सारनाथ थाना प्रभारी समय से जवाब दाखिल करें।

हाईकोर्ट ने आदेश की प्रति अपलोड करने का भी निर्देश दिया है। अदालत ने चार मई को दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। मृतक अभिनेत्री की मां मधु दुबे की ओर से दाखिल याचिका में मामले की सीबीआई अथवा एसआईटी से जांच कराने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने पक्ष रखा।

गौरतलब है कि वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र स्थित सौमेंद्र होटल में 26 मार्च 2023 को भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उसी दिन उनकी मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।