समस्तीपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव मे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन रिकॉर्ड बहुमत के साथ प्रदेश मे एक बार फिर से सरकार बनाएगी और राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
शाह ने आज समस्तीपुर जिले के रोसड़ा स्टेडियम में राजग प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव किसी को विधायक या मंत्री बनाने का नहीं है, बल्कि राजद के शासनकाल के जंगलराज को समाप्त करने का है। उन्होंने कहा कि लोगों के रूझान से स्पष्ट है कि इस चुनाव मे लालू यादव और राहुल गांधी की पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एवं राजद भ्रष्टाचार का प्रतीक है और इस चुनाव मे इन दलों का सफाया तय है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे देश का चौतरफा विकास हो रहा है।उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव, कर्पूरी ठाकुर को मिले जननायक की उपाधि को छीनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजग के रहते कर्पूरी ठाकुर के जननायक की उपाधि को कोई छीन नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की राजग सरकार ने ही जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारतरत्न से सम्मानित किया।
शाह ने कहा कि लालू यादव ने बिहार का विकास तो नहीं किया, लेकिन परिवार का विकास जरूर किया। जिसका उदाहरण लैंड फोर जॉब एवं चारा घोटाला शामिल है। सभा को समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी चौधरी, भाजपा विधान पार्षद तरूण कुमार एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव जग्रनाथ ठाकुर समेत अन्य राजग के नेताओं ने भी संबोधित किया।



