नितिन नवीन की विधान सभा सीट पर भाजपा ने अभिषेक कुमार को बनाया उम्मीदवार

0

पटना। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्य सभा के लिए निर्वाचित होने पर विधान सभा से त्यागपत्र देने के कारण रिक्त है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बांकीपुर सीट के उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार के नाम को स्वीकृति प्रदान की है। कुमार भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं।

इससे पहले वह पटना महानगर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं।वह दो बार मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं और मंडल मंत्री और मंडल महामंत्री के रूप में संगठनात्मक कार्य कर चुके हैं। उन्हें पार्टी के सक्रिय युवा नेताओं में गिना जाता है। वह सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं। माना जा रहा है कि पार्टी ने उनकी छवि और सक्रियता के आधार पर बांकीपुर विधान सभा सीट के लिए उनके नाम की स्वीकृति दी है।

बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव 30 जुलाई को होना है। इसके लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होनी है जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई है।मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी और निर्वाचन की प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।