भागीरथ चौधरी ने भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष का पदभार संभाला

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष एवं अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी और ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष चंपालाल गैदर ने बुधवार को यहां अपना पदभार संभाल लिया।

दोनों ने प्रदेश भाजपा कार्यालय पर अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी मौजूद थे। चौधरी और गैदर ट्रैक्टर चलाकर अपने सैकडों कार्यकर्ताओं के साथ लोकगीतों और ढोल नगाडों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। इससे पहले 22 गोदाम पुलिया से काफी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने चौधरी का फूल मालाएं पहनाकर एवं बुके देकर स्वागत किया। ट्रैक्टर रैली के भाजपा कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा करके अभिनंदन किया। हजारों कार्यकर्ताओं ने राजस्थानी कलाकारों ने अलगोजे पर बेहद शानदार प्रस्तुतियों ने सबका मनमोह लिया।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि आज का दिन भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन है जो कारगिल विजय दिवस शौर्य और वीरता की गाथा कहता है। उन्होंने किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के किसानों को जो सौगात दी है, ऐसी सौगात कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारें साठ साल में नहीं दे पाई। फसलों की एमएसपी को डेढ गुना बढाने का काम हो या नीम कोटेड यूरिया देने का काम सभी किसानों के लिए लाभकारी हैं।

उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग के नाम पर पूर्व की सरकारों ने काका कालेलकर आयोग के नाम पर ओबीसी जातियों को गुमराह किया। वहीं मोदी ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर ऐतिहासिक काम किया। इस दौरान जोशी ने मोदी की गुरूवार को सीकर में होने वाली आमसभा के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान भी किया।

चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें किसान मोर्चा की जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह निभाने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल में किसानों की आमदनी बढी है। किसान फसल ऋण योजना के माध्यम से खाद्य बीज जैसी आवश्यक चीजें मिलने लगी हैं वहीं किसानों को आर्थिक सक्षम बनाने की दिशा में किसान सम्मान निधि भी ऐतिहासिक पहल है।

गैदर ने कहा कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का काम मोदी की सरकार ने किया और ओबीसी जातियों के लिए आयोग को संवैधानिक दर्जा मिलने के बाद विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के साथ शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान की दिशा में लाभ मिलेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक निर्मल कुमावत एवं बिहारीलाल विश्नोई आदि मौजूद थे।

पदभार संभालने के बाद कार्यकर्ताओं की बैठक ली

पदभार संभालने के बाद भाजपा जोशी, चौधरी एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष चंपालाल गेदर ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसमें आगामी चुनावों को लेकर अपने-अपने क्षेत्र में पार्टी के प्रचार-प्रसार में जुट जाने का आह्वान किया। साथ ही सीकर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओपी यादव, उपाध्यक्ष खींवाराम चौधरी आदि मौजूद थे।