कोलकाता। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र जारी किया जिसमें महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए कई ऐलान किए गए हैं। शाह की ओर से शुक्रवार को जारी इस घोषणा पत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया है।
शाह ने घोषणा पत्र जारी करते हुए अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के लिए हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण और महिला पुलिस बटालियन व ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ के गठन का वादा किया गया है। गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपए की सहायता और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की भी बात है।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का लक्ष्य रखते हुए ‘संकल्प पत्र’ में रोजगार, महिला सशक्तीकरण, कृषि, उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास पर केंद्रित एक व्यापक रोडमैप पेश किया है। भाजपा ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने का वादा किया है। इसके साथ ही राज्य के बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3,000 रुपए की आर्थिक सहायता और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपए की छात्रवृत्ति देने का भी ऐलान किया गया है।
भाजपा के घोषणा पत्र में किसानों का भी ध्यान रखा गया है। इसमें धान, आलू और आम की खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ मछुआरों को पीएम मत्स्य संपदा योजना से जोड़ने का वादा किया गया है, जिससे बंगाल को प्रमुख मछली निर्यातक राज्य बनाने की योजना है। भाजपा ने ताजपुर और कुलपी में डीप-सी पोर्ट विकसित करने, सिंगूर में औद्योगिक पार्क स्थापित करने और बंद पड़ी जूट मिलों को पुनर्जीवित करने की योजना पेश की है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य है।
भाजपा ने आयुष्मान भारत सहित सभी केंद्रीय योजनाओं को राज्य में पूरी तरह लागू करने, मुफ्त एचपीवी वैक्सीनेशन और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं देने का वादा किया है। साथ ही 7वें वेतन आयोग को 45 दिनों के भीतर लागू करने और केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता देने की बात कही गई है।
भाजपा ने घोषणा पत्र में उत्तर बंगाल में एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थान स्थापित करने, दार्जिलिंग के चाय उद्योग को बढ़ावा देने और ‘वंदे मातरम’ संग्रहालय बनाने का भी प्रस्ताव किया है। इसके साथ ही कुर्माली और राजबोंगशी भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की पहल का वादा किया गया है।
शाह ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि बंगाल का मुख्यमंत्री बंगाल से ही होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य में मजबूत, सक्षम और योग्य मुख्यमंत्री को नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में एक सशक्त स्थानीय नेतृत्व देने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में विश्वास का युग लाने का लक्ष्य रखती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बंगाल का ही होगा और केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय में काम करेगा।



