बारामती में दुर्घटनाग्रस्त विमान के ब्लैकबॉक्स जलकर नष्ट

0

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के बारामती में पिछले महीने हुए विमान हादसे के दोनों ब्लैक बॉक्स जलकर नष्ट हो चुके हैं और अब जांच सिर्फ डिजिटल फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) तथा कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) के आधार पर होगी।

बारामती में 28 जनवरी को वीएसआर वेंचर्स का लीयरजेट 45 विमान उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें आग लग गयी थी। हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और दोनों पायलट समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गयी थी।

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने मंगलवार को बताया कि विमान में दो स्वतंत्र फ्लाइट रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) थे। दोनों लंबे समय तक काफी अधिक तापमान में रहे जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गए।

ब्लैक बॉक्स के डाटा अब नहीं मिल सकेंगे। डीएफडीआर का डाटा एएआईबी फ्लाइट रिकॉर्डर प्रयोगशाला में डाउनलोड कर लिया गया है। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्ड के डाटा के लिए विनिर्माता कंपनी हनीवेल के विशेषज्ञों को बुलाया गया है।

उल्लेखनीय है कि डीएफडीआर में भी ब्लैक बॉक्स की तरह ही विमान की उड़ान से संबंधित सभी तरह के तकनीकी डाटा रिकॉर्ड होते हैं, लेकिन ये डिजिटल फॉर्मेट में होते हैं।