रायगढ़। छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत महौपाली गांव में युवक को जिंदा जलाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चपले गांव निवासी शिव प्रसाद पटैल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक 16 फरवरी की रात करीब 12 बजे महौपाली बस्ती के भीतर कुछ आरोपियों ने शिव प्रसाद पर हमला कर उसे जिंदा जला दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उसे नाली में फेंक दिया।
बताया जा रहा है कि 17 फरवरी की सुबह ग्रामीणों की नजर जब गंभीर रूप से झुलसे युवक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने घटना को लूटपाट से जोड़ते हुए आरोप लगाया है कि आरोपी मृतक की मोटरसाइकिल भी अपने साथ ले गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



