तेजाजी सरोवर सुरसरा, पुष्कर प्रवेश द्वार व पार्क के कार्यो का शुभारंभ

गहलोत ने अजमेर को दी 11 करोड़ 71 लाख के विकास की सौगात
राजस्थान ने पर्यटन क्षेत्र में हासिल की नई ऊंचाईयां
अजमेर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को प्रदेश को 110 करोड़ के कला, संस्कृति एवं पर्यटन विकास कार्यों की सौगात दी। अजमेर में भी विश्वविख्यात पुष्कर तीर्थ, तेजाजी धाम सुरसुरा में सरोवर तथा आरटीडीसी होटल अजमेर के 11 करोड़ 71 लाख के विकास कार्यों की सौगात मिली।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पिछले पांच साल में राजस्थान का चंहुमुखी विकास हुआ है। चिकित्सा, शिक्षा, पर्यटन, शहरी विकास, सामुदायिक विकास,सामाजिक सुरक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में राजस्थान देश का अग्रणी राज्य बन गया है। हमारी योजनाओं को मॉडल मान कर दूसरे राज्य अपना रहे हैं।

उन्होंने विकास कार्यों का जयपुर से वर्चुअल शुभारम्भ करते हुए कहा कि कर्मचारियों के लिए ओपीएस, आमजन को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख रूपए का दुर्घटना बीमा, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 500 रूपए में सिलेण्डर सहित तमाम ऎसी योजनाएं हैं जिनसे करोड़ों लोगों को राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि हम राजस्थान मिशन 2030 का खाका तैयार कर रहे हैं। इनमें प्राप्त सुझावों को अमल में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान के विकास के लिए पूरे मन से काम किया है। कार्यक्रम को शिक्षा कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, जलदाय मंत्री श्री महेश जोशी एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र राठौड़ ने भी सम्बोधित किया।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में हमारी सरकार के ऎतिहासिक काम हुए है। आगामी विधानसभा चुनाव में राजस्थान की जनता मुख्यमंत्री को भरपूर आशीर्वाद देगी। मुख्यमंत्री ने राजस्थान में कीर्तिमान स्थापित किए है। इन हर वर्ग को लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने मंदिरों के लिए काम किया, गाय के लिए काम किया और गरीब के लिए काम किया है।

राठौड़ ने कहा कि राजस्थान देश में पहला ऎसा राज्य जहां उनको 1500 करोड़ का बजट दिया गया और होटल को इंडस्ट्रीज का दर्जा दिया गया। राठौड़ ने कहा कि विकास, सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस, 500 रूपए का सिलेण्डर, प्रदेश के लोगों को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा सहित कई शानदार योजनाएं लागू की गई हैं।

कार्यक्रम में अजमेर जिले के लिए होटल खादिम के 2 करोड़ 33 लाख की लागत से जीर्णोद्वार कार्य का लोकार्पण, तेजाजी सरोवर सुरसुरा का 5 करोड़ 88 लाख की लागत से शिलान्यास व पुष्कर प्रवेश द्वार व पार्क का 3 करोड़ 50 लाख की लागत से शुभारंभ किया गया।

अजमेर में आयोजित समारोह में लक्टर डॉ. भारती दीक्षित, अतिरिक्त कलक्टर राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती व डॉ. राजकुमार जयपाल, अजमेर डेयरी चैयरमेन रामचंद्र चौधरी, पूर्व जिला प्रमुख रामस्वरूप चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल वाहिद मोहम्मद, नेता प्रतिपक्ष द्रौपती कोली, पार्षद नौरत गुर्जर, सर्वेश पारीक, नकुल खंडेलवाल, लक्ष्मी बुंदेल, भरत यादव, विवेक पाराशर, आरिफ खान, प्रिंस ओबीडाया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।