गहलोत को लाल डायरी का सत्य लोगों को बताना चाहिए : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने राज्य में भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री को लाल डायरी का सत्य जनता को बताना चाहिए।

जोशी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले यह बयान दे चुके हैं कि राजेंद्र गुढ़ा ने उनकी सरकार बचाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री गुढ़ा जिस लाल डायरी की बात कर रहे हैं, इसमें ऐसे कौनसे राज है, जो उसे इतना छिपाकर लाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लाल डायरी का राज बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि कल सिलेंडर बांटे गए, आपका यह तीसरा कार्यकाल है, कभी आपने उस गरीब मां के बारे में नहीं सोचा। केंद्र की मोदी सरकार नौ साल से सस्ता सिलेंडर दे रही है। आपने जो सब्सिडी बांटी, उसमें आधी केंद्र की मोदी सरकार दे रही है, यह भी जनता को बताना चाहिए। एक सिलेंडर देकर जनता को गुमराह नहीं कर सकते।