मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा बुधवार को पुष्कर के गनाहेड़ा आएंगे

अजमेर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा बुधवार को दोपहर 1.35 बजे पुष्कर के पास गनाहेड़ा ग्राम पंचायत में आएंगे। वे यहां विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में भाग लेंगे। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और जिला प्रशासन ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित यात्रा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों को अन्तिम रूप दिया।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के मंत्री पद ग्रहण करने के पश्चात पहली बार पुष्कर आगमन पर सरोवर एवं ब्रह्वााजी के मन्दिर पर पूजा अर्चना करने के पश्चात मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे से सम्बन्धित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने पुष्कर हेलिपेड पर जाकर व्यवस्थाएं देखी। गनाहेड़ा में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के सम्बन्ध में पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की।

कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। पुलिस अधीक्षक चूना राम जाट भी साथ में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर के निकटवर्ती ग्राम पंचायत गनेहेड़ा में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर में शिरकत करेंगे और केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजना के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।

कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित एवं पुलिस अधीक्षक ने यात्रा को लेकर हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, जगतपिता ब्रह्मा मंदिर एवं पुष्कर सरोवर का जायजा लिया। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को पूरे क्षेत्र में सफाई के आवश्यक दिशा निर्देश देकर तुरंत कार्य कराने कहा। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर विभागवार कार्य का आवंटन किया।

कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की यह पहली पुष्कर यात्रा है। इस दौरान गनाहेड़ा में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर का अवलोकन का लाभार्थियों के साथ संवाद किया जाएगा। सभी विभागों के स्टॉल की समस्त तैयारियां आज ही पूर्ण कर ली जाए। समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा अपने विभाग की जन कल्याणकारी योजनाओं में जिले की प्रगति से अवगत कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण तैयारी करके समस्त व्यवस्थाओं को चाक-चौबन्द रखें। स्वयं सहायता समूह, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि, पोषण योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड, आयुष्मान योजना की स्टॉल लगाई जाएगी। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित गोयल, नगर निगम के आयुक्त देशल दान, उपखण्ड अधिकारी निखिल कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।