किसानों की तरक्की से ही देश और प्रदेश की प्रगति संभव : मुख्यमंत्री भजनलाल

ग्राम पंचायत गनाहेड़ा में विकसित भारत संकल्प यात्र शिविर का अवलोकन
अजमेर/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसानों की तरक्की से ही देश और प्रदेश का विकास संभव है। उनकी आय में इजाफा करने के लिए सरकार संकल्पबद्ध होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि अन्नदाता को किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसलिए किसानों को समय पर और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

शर्मा बुधवार को अजमेर के गनाहेड़ा गांव में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा‘ शिविर का अवलोकन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बाजरा, ज्वार, मक्का और दलहन का उत्पादन देश में सर्वाधिक है। किसानों को उनकी मेहनत का समुचित प्रतिफल दिलाने के लिए केन्द्र सरकार से राज्य में उत्पादित मिलेट्स का विपणन अन्य राज्यों में भी करवाने का आग्रह किया गया है।


मुख्यमंत्री कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी किसानों के सर्वागींण विकास के लिए योजनाएं संचालित कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसान आगे बढे़गा तो देश आगे बढे़गा। इसलिए केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि तथा किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं चलाई जा रही है।

सरकारी योजनाओं का हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे लाभ

शर्मा ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा भारत को विकसित देश बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यात्र के माध्यम से केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। शर्मा ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाते हुए गांव-मौहल्ले के प्रत्येक वंचित पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करें।

संकल्प पत्र के वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार का गठन होेते ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व नकल पर लगाम लगाने के लिए एडीजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। संगठित अपराधों को रोकने के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स गठित की गई। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी, 2024 से राज्य की जरूरतमंद महिलाओं को 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। इससे 73 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। साथ ही, श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना में श्री अन्न यानी मिलेट्स युक्त 600 ग्राम पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रा शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के स्टॉल पर पहुंचकर सम्पूर्ण जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद भी किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 7 लाभार्थियों को गैस सिलेंडर तथा विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को चैक वितरित किए। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लाभार्थियों को भी बीमा राशि के चैक प्रदान किए।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, सांसद भागीरथ चौधरी, भाजपा देहात अध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

ब्रह्मा मंदिर के दर्शन, पुष्कर सरोवर पर पूजन

विकसित भारत संकल्प यात्र में शिविरों का अवलोकन करने के पश्चात मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा पुष्कर पहुंचे तथा विश्वप्रसिद्ध जगतपिता ब्रह्मा जी के मंदिर में दर्शन कर प्रदेश में उन्नति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने पुष्कर सरोवर पर भी विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की।

पवित्र पुष्कर सरोवर पहुंचने पर शर्मा का तीर्थ पुरोहित संघ ट्रस्ट के संयोजक श्रवण पाराशर अध्यक्ष पुष्कर नारायण, ट्रस्टी विमल नारायण बादल, गोविन्द पाराशर, कौशल, हरिभाई एवं दीपक पाराशर ने स्वागत किया। पुष्कर सरोवर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूर्ण विधि विधान से पूजा कर मुख्यमंत्री ने दुग्धाभिषेक किया। पवित्र सरोवर की आरती कर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रार्थना की। नरेश रायता, हेमन्त रायता, दिनेश रायता एवं कमल रायता ने पूजा कराई। सांसद भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष शिव स्वरूप महर्षि, भाजपा देहात अध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा, पूर्व सभापति कमल पाठक, अरूण पाराशर, अर्जुन नलिया ने भी सरोवर का पूजन किया।

मुख्यमंत्री के पुष्कर पहुंचने पर की अगवानी

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के पुष्कर हेलीपेड पहुंचे पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हेलीपेड पर कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित सभापति शिव स्वरूप महर्षि, जीतमल प्रजापत, अरविन्द यादव, श्रवण सिंह रावत, धर्मेश जैन, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व जिला प्रमुख सरिता गैना एवं वंदना नोगिया, भारती श्रीवास्तव, सोमरत्न आर्य, अरूण पाराशर, पूर्व उप महापौर सम्पत सांखला, कंवल प्रकाश किशनानी सहित कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने अभिनन्दन किया।