कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी शुक्रवार दोपहर को कोलकाता के मेट्रो चैनल क्षेत्र के डोरिना क्रॉसिंग में धरने पर बैठेंगी। बनर्जी का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में सुधार के नाम पर बड़ी संख्या में असली मतदाताओं के नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं।
आज सुबह से ही प्रदर्शन की तैयारियां जोरों पर थीं और धर्मतला इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विरोध प्रदर्शन के लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुटना शुरू हो गए हैं। बनर्जी का कहना है कि इस प्रदर्शन का मकसद आम नागरिकों के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना है।
तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक इस धरने में मुख्यमंत्री के साथ वे लोग भी शामिल होंगे जिनके नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। इनमें से कुछ लोगों का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान उनके परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची से अचानक गायब हो गए।
तृणमूल कांग्रेस शुरुआत से ही राज्य में मतदाता सूची सुधार की इस प्रक्रिया का विरोध कर रही है। बनर्जी इससे पहले प्रभावित मतदाताओं के एक दल के साथ दिल्ली जाकर चुनाव आयोग से शिकायत भी कर चुकी हैं। पार्टी का दावा है कि राज्य में करीब 1.2 करोड़ मतदाताओं का भविष्य अधर में है। तृणमूल नेताओं के अनुसार 63 लाख से ज्यादा नाम पहले ही हटाए जा चुके हैं, जबकि 60 लाख अन्य लोगों के वोट देने के अधिकार पर अभी भी तलवार लटकी हुई है।
बनर्जी का कहना है कि लोगों के अधिकारों को बचाने के लिए अब सड़क पर उतरना ही एकमात्र रास्ता बचा है। उन्होंने धर्मतला को ही इस प्रदर्शन के लिए इसलिए चुना, क्योंकि यह राजनीतिक रूप से उनके लिये बहुत महत्वपूर्ण रहा है। करीब दो दशक पहले इसी इलाके में उनकी भूख हड़ताल ने राज्य में एक बड़े राजनीतिक आंदोलन की नींव रखी थी।
चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर लोग वोट ही नहीं दे पाएंगे, तो यह कैसा चुनाव है? अधिकारियों के लिस्ट को अंतिम रूप दिये जाने के बाद भी दिल्ली के इशारे पर लाखों नाम हटा दिए गए। मैंने चुनाव आयोग से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक हर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अब भी लाखों नाम कटे हुए हैं। इसीलिए बंगाल के लोगों के वोट के अधिकार को बचाने के लिए मैं शुक्रवार से सड़क पर बैठूंगी। उन्होंने समाज के हर वर्ग के लोगों से इस प्रदर्शन में जुड़ने की अपील की और इसे बंगाल के सम्मान की बात बताया।



