नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने मंगलवार से होटल, रेस्त्रां आदि में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार 01 सितंबर से दिल्ली में वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 2,747.50 रुपए का मिलेगा। अगस्त में इसकी कीमत 2,738 रुपए थी। इस प्रकार कीमत 9.50 रुपए बढ़ गई है। इससे पहले, दिल्ली में जुलाई में इसकी कीमत में 183.5 रुपए और अगस्त में 192 रुपए की कटौती की गई थी।
कोलकाता में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर आज से 11.50 रुपए और मुंबई में 9.50 रुपए महंगा हुआ है। अब इनकी कीमत क्रमशः 2,884 रुपए और 2,701 रुपए हो गई है। चेन्नई में 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 10.50 रुपए बढ़ी है। अब यह 2,916.50 रुपए का हो गया है।
वहीं, घरेलू उपभोग वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर के दाम सात जून के बाद से स्थिर बने हुए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपए और कोलकाता में 968 रुपए है। मुंबई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 941.50 रुपए का और चेन्नई में 957.50 रुपए का मिल रहा है।



