जयपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि आज कांग्रेस छोटे-छोटे दलों से गठबंधन कर मिलावट की सरकार बनाने के प्रयास कर रही है।
धामी जयपुर के विराटनगर, सांगानेर एवं झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लेकिन यह सब वह अपने अस्तित्व को बचाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सब महामिलावट का हिस्सा हैं। ये वो सब लोग हैं जो कभी एक दूसरे को फूटी आंख नहीं देख पाते थे।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने लाल डायरी का कारनामा किया, उदयपुर का कारनामा हुआ। त्योहार भी राजस्थान में मनाने की छूट नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता को कांग्रेस की लाल डायरी को पढ़ने के बाद प्रण लेना चाहिए कि यहां कांग्रेस का एक भी प्रत्याशी नहीं जीतना चाहिए।
धामी ने जनता का आह्वान किया कि कांग्रेस यहां से पूरी तरह साफ हो जाएगी। एक भी बूथ से कांग्रेस का खाता नहीं खुलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में नकल का खेल खूब चला, माताओं बहनों से धोखा हुआ है। कांग्रेस बस एक परिवार की चिंता करती हैं, जनता की नहीं। हमारे प्रधानमंत्री के लिए आप सब एक परिवार हैं। आज इस प्रदेश को कांग्रेस ने बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान की दशा बिगाड़ने का महापाप किया है। उसे इस चुनाव में राजस्थान की जनता सजा देगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जब भाजपा का शासन था तब यहां तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां आयोजित परिवर्तन यात्रा में भी उन्होंने भाग लिया था, लोग कह रहे थे कि बीते पांच सालों में कांग्रेस की सरकार ने केंद्र के काम को रोकने का काम किया। यहां की सरकार ने केंद्र के पैसे को जनता तक आने ही नहीं दिया। इतनी बुरी स्थिति है कि कई क्षेत्रों में सात-सात दिन तक यहां पानी नहीं आ रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का दुनिया में आज तेजी से मान बढ़ा है। अभी हाल में जी-20 का समेलन भारत में संपन्न हुआ। इस दौरान भारत के अनेक शहरों में हमारे विदेशी मेहमान गए। उन्होंने हमारी तरक्की की रफ्तार देखी। आज भारत तेजी से विकास कर रहा है और भारत का लोहा पूरी दुनिया मान रही है।