मोदी द्वारा देश को उंचाइयों पर ले जाना कांग्रेस को नहीं पच रहा : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि एक गरीब परिवार से निकला व्यक्ति प्रधानमंत्री बनकर देश को ऊंचाइयों पर ले जा रहा है, यह कांग्रेस को नहीं पच रहा है।

जोशी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि देश-दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस घबरा कर अर्नगल बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने निवाई जनसभा में अपने भाषण में जिन महंगाई, बेरोजगारी, उद्योगपति मित्रों को लाभ और सरकारी योजनाओं की बात की है, उन्हें शायद पता नहीं कि देश में सबसे अधिक बेरोजगारी, महंगाई राजस्थान में ही है।

गहलोत सरकार ने पांच साल अपनी कुर्सी को बचाने के लिए जनहित की अनदेखी की है, योजनाओं के नाम पर पूर्व की भाजपा सरकार की योजनाओं का नाम बदलने का ही काम किया है, प्रदेश सरकार द्वारा जो गैस सिलेंडर 500 रूपये में देने की बात कर रही है उसमें पैसा केन्द्र सरकार का भी है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को अपनी कांग्रेस सरकार की पीठ थपथपाने से पहले सारे आंकड़े जान लेने चाहिए थे।

जोशी ने कहा कि प्रियंका गांधी ने प्रदेश के एक करोड उपभोक्ताओं के बिजली के बिल शून्य आने और किसानों की खुशहाली की बात कही क्योंकि उन्हें पता नही है कि गांवों में बिजली आती ही नहीं तो फिर बिल कहां से आऐगा, बिजली नहीं मिलने के कारण किसानों की फसलें खराब हो रही है, भाजपा सरकार के समय दस हजार रूपये तक का बिजली का बिल माफ था जिसे गहलोत सरकार ने बंद किया, जो किसानों से वसूला वापस मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका गांधी किसानों के मध्य जाती तो उन्हें गहलोत सरकार की वास्तविकता नजर आती कि कैसे पिछले साढ़े चार वर्षों में किसानों के साथ कर्ज माफी के नाम पर धोखा हुआ है, कितने ही किसानों ने आत्महत्या की है।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को प्रदेश की पीड़ित महिलाएं और धोखा खाए युवाओं से भी मिलना चाहिए। उत्तर प्रदेश में तो लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देती हो लेकिन राजस्थान में लगातार बढ़ रहे महिला अत्याचार और दुष्कर्म के मामलों पर कुछ नही बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान महिला दुष्कर्म और अत्याचार के मामले में आज देश में नंबर वन है। यही कांग्रेस सरकार की उपलब्धि है।

जोशी ने कहा कि ‌प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री पर उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने का झूठा आरोप लगा रही है, प्रियंका गांधी को यह नहीं पता कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के उद्देश्य को लेकर चलती है। यही कारण है कि आज भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, दुनिया के बडे बडे देश भारत में निवेश करना चाहते है। आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और जी20 के कार्यक्रम के अध्यक्षता करके इतिहास बन रहा है।

उन्हें यह कार्यक्रम यदि करोड़ों रुपए के काफिले लगते हैं, तो उन्हें अपने देश नहीं सिर्फ स्वयं को सत्ता से सरोकार है। जी20 का कार्यक्रम पूरा होने के बाद हुई बारिश से मंडप में पानी आने पर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। इसे लेकर वे आयोजन की आलोचना करती है लेकिन आश्चर्य की बात है कि इतने भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम, जिसने देश का मान और वैभव पूरे विश्व में बढ़ाया है उसकी प्रशंसा में एक बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई नहीं देती।