आठ में से सात जगह कांग्रेस के प्रधान शिवगंज निर्विरोध, भाजपा ने तीन और कांग्रेस ने एक जगह नहीं उतारा प्रत्याशी 

0
सिरोही और कालंद्री के निर्वाचित प्रधानों के साथ साथ कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा।

सिरोही। जिला परिषद में इक तरफ़ा कब्जा करने के बाद कांग्रेस ने सिरोही जिले की आठ में से सात पंचायत समितियों में अपना प्रधान बना दिया है वहीं भाजपा एक जगह पर अपना प्रधान बना पाई। कांग्रेस ने रेवदर पंचायत समिति में अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा जबकि वहां उसे सम्मानजनक हार दिलवा पाने वाली संख्या मिली थी, इसी तरह भावरी में भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं खड़ा किया जबकि उसे भी वहां इज्जतदार हार वाली संख्या तो मिली थी। लेकिन, दोनों ने सम्मानजनक हार की जगह मैदान छोड़ना मुनासिब समझा। वहीं शिवगंज पंचायत समिति में शून्य और आबूरोड पंचायत समिति में सिर्फ एक ही कैंडिडेट होने के कारण भाजपा वहां प्रत्याशी नहीं उतार पाई। इस कारण शिवगंज में कांग्रेस की प्रत्याशी दीवान कंवर निर्विरोध निर्वाचित हुई।

सिरोही में कांग्रेस की नेहा अग्रवाल प्रधान बनीं। उन्हें 11वोट मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी बेब कंवर को 4 को वोट मिले। आबूरोड में इंडियन नेशनल कांग्रेस की मेवली देवी प्रधान बनी। उन्हें 23 में से 19 वोट मिले। वहीं बाप समर्थित निर्दलीय लीला देवी को चार वोट मिले। शिवगंज में कांग्रेस ने 19 में से 17 सीट जीती थी और सीटें निर्दलीयों के खाते में आई। दोनों निर्दलीयों कांग्रेस के समर्थन में आ जाने से भाजपा के पास यहां निर्दलीय को खड़ा करके चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित होने से रोकने का रास्ता भी नहीं बचा था। ऐसे में दीवान कंवर निर्विरोध प्रधान चुनी गई।

कालंद्री में कांग्रेस की अमिया देवी देवासी प्रधान निर्वाचित हुई, उन्हें 9 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी हरजी भाई मोदी को 6 वोट मिले। यहां पर वोटो में सेंधमारी की आशंका से मतदान के दौरान संयम लोढ़ा यहीं पर नजर आए। यहां पर एक बार विवाद भी हुआ।

रेवदर में भाजपा के गणपतसिंह देवड़ा प्रधान निर्वाचित हुए। उन्हें 21 में से 14 वोट मिले। वहीं कांग्रेस समर्थित भाजपा के बागी निर्दलीय जीतू चौधरी को 7 वोट मिले। यहां कांग्रेस ने एक बार फिर 2005 की तरह प्रत्याशी खड़ा नहीं किया, लेकिन भाजपा के असंतुष्ट गुटों के साथ उसकी ये चाल कामयाब नहीं हुई। यहां कांग्रेस के वोट भी क्रॉस होने की संभावना है। मंडार में कांग्रेस की शिल्पा कुमारी, आबूरोड में कांग्रेस की मेवली देवी प्रधान निर्वाचित हुई। भावरी में भाजपा ने रेवदर वाली चाल चली लेकिन, कांग्रेस की तरह वो यहां फेल हुई। यहां उसने कैंडिडेट खड़ा नहीं करके बाप पर दांव खेला। वहां कांग्रेस के शांतिलाल गमेती जीते उन्हें 13 वोट मिले जबकि उनके पास सिर्फ 11 पंचायत समिति सदस्य थे। पिंडवाड़ा पंचायत समिति में भी कांग्रेस का प्रधान निर्वाचित हुआ। यहां चित्रा शेखावत प्रधान बनीं। उन्हें 19 में से 14 वोट मिले।