हैदराबाद में 9 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में पुलिस निरीक्षक अरेस्ट

0

हैदराबाद। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (टीजीसीएसबी) से जुड़े एक पुलिस निरीक्षक को रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

एसीबी की ओर से शनिवार रात जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार हैदराबाद स्थित टीजीसीएसबी के साइबर अपराध थाना के निरीक्षक बाथुला महेंद्र के खिलाफ आपराधिक कदाचार का मामला दर्ज किया गया था।

आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से नौ लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसके बदले में उसने हैदराबाद स्थित टीजीसीएसबी के सेंट्रल क्राइम थाना (सीसीपीएस) में दर्ज एक साइबर धोखाधड़ी के मामले में शिकायतकर्ता के परिवार के सदस्यों और दोस्तों को शामिल न करने का वादा किया था।

एसीबी ने बताया कि अधिकारी ने पहले ही शिकायतकर्ता से आंशिक भुगतान के तौर पर पांच लाख रुपए नकद स्वीकार कर लिए थे। निरीक्षक ने शनिवार को कथित तौर पर शेष चार लाख रुपए की मांग की और अपने कार्यालय में शिकायतकर्ता को धमकी दी।

एसीबी के अनुसार शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी की केंद्रीय जाँच इकाई (सीआईयू) की टीम ने जाल बिछाया और अधिकारी को उसके कार्यालय में ही उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कथित तौर पर शेष रिश्वत की राशि की मांग कर रहा था।

आरोपी अधिकारी के आवास पर ली गई तलाशी के दौरान एसीबी अधिकारियों ने कथित तौर पर 13 लाख रुपए की बेहिसाब नकदी, सोने के आभूषण और संपत्ति से जुड़े कुछ दस्तावेज बरामद किए। उसकी संपत्तियों का सत्यापन कार्य वर्तमान में जारी है। आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। एसीबी ने सुरक्षा कारणों से शिकायतकर्ता की पहचान उजागर नहीं की है।