ऑस्ट्रेलिया में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में डेविड वार्नर अरेस्ट

0

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर पर सप्ताहांत में सिडनी के पूर्वी उपनगरों में हुई एक घटना के बाद, शराब पीकर गाड़ी चलाने (मिड-रेंज ड्रिंक ड्राइविंग) का आरोप लगाया गया है।

एक रिपोर्ट के अनुसार 39 वर्षीय वार्नर ने जांच चौकी पर पहुंचने से ठीक पहले अपना वाहन रोककर पार्क कर दिया था। हालांकि, न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अधिकारी उनकी कार के पास पहुंचे और उनका ब्रेथ एनालिसिस (सांस की जांच) किया, जिससे इस बात की पुष्टि हो गई कि उनके शरीर में शराब की मात्रा कानूनी सीमा से अधिक थी।

वार्नर, जिनकी पहचान गाड़ी के चालक के रूप में हुई का सड़क किनारे ही ब्रीथ टेस्ट किया गया, जिसका परिणाम पॉजिटिव आया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया और मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां कथित तौर पर किए गए दूसरे ब्रीथ एनालिसिस में उनके शरीर में शराब की मात्रा 0.104 पाई गई। ऑस्ट्रेलियाई कानून के तहत, यह मात्रा उन्हें मिड-रेंज (मध्यम-श्रेणी) की निर्धारित शराब सांद्रता (पीसीए) श्रेणी में रखती है।

रिपोर्ट के अनुसार पुलिस के बयान में कहा गया है कि रविवार 5 अप्रैल शाम लगभग 5:30 बजे पुलिस मारूब्रा स्थित मालाबार रोड पर वाहनों की अचानक रोककर सांस की जांच (रैंडम ब्रीथ टेस्टिंग) कर रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर एक वैन को जांच स्थल से कुछ पहले ही रुकते और पार्क होते देखा गया।

ट्रैफिक और हाईवे पेट्रोल कमांड से जुड़े अधिकारियों ने उस वाहन के पास जाकर चालक-जो कि 39 वर्षीय एक व्यक्ति था-का सड़क किनारे ही टेस्ट किया, जिसका परिणाम पॉजिटिव आया। उन्हें गिरफ्तार कर मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां कथित तौर पर किए गए दूसरे टेस्ट में उनके शरीर में शराब की मात्रा 0.104 पाई गई।

अधिकारियों ने आगे इस बात की पुष्टि की कि वार्नर पर औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए गए हैं और अगले महीने उन्हें कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा। बयान में आगे कहा गया कि उस व्यक्ति को मध्यम-श्रेणी की शराब सांद्रता के साथ गाड़ी चलाने के आरोप में, अदालत में पेश होने के लिए एक फील्ड कोर्ट अटेंडेंस नोटिस जारी किया गया है। उन्हें गुरुवार को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होना होगा।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब वार्नर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद अभी भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय हैं। वह वर्तमान में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में कराची किंग्स टीम की कप्तानी कर रहे हैं, और टूर्नामेंट के दौरान मिले एक छोटे से ब्रेक में वह कुछ समय के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटे थे।