सुप्रीम कोर्ट में पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ ‘कैविएट’ दायर की

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ गुजरात के भारतीय जनता पार्टी के विधायक पूर्णेश मोदी ने सुप्रीमकोर्ट में एक ‘कैविएट’ दायर की है। मोदी की मानहानि की शिकायत के बाद अदालत ने राहुल गांधी को दोषी ठहराया था। इसकी वजह से कांग्रेसी नेता की लोकसभा की सदस्यता समाप्त कर दी गई थी।

गांधी ने निचली अदालत के फैसले को गुजरात उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी, जिसे खारिज कर दिया गया। वायनाड लोकसभा के पूर्व सांसद राहुल गांधी उच्च न्यायालय के 7 जुलाई के फैसले को शीर्ष न्यायालय में चुनौती दे सकते हैं।

इसी के मद्देनजर भाजपा विधायक ने शीर्ष अदालत में कैविएट दायर कर गुहार लगाई है कि यदि राहुल गांधी उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देते हैं तो सुनवाई करते समय उनका (शिकायत करने वाले) पक्ष भी सुना जाए।

गौरतलब है कि मानहानि का यह मामला 2019 का है। इस मामले में 23 मार्च 2023 को सूरत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने गांधी को मानहानि के अपराध के लिए दोषी ठहराया था। इस अपराध के लिए उन्हें अधिकतम दो साल की जेल की सजा सुनाई थी।