देहरादून। आपसी विवाद को लेकर साले को मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट और गला दबाने के आरोप में पुलिस ने यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैफे के पास मिलने बुलाया, कार में बैठाने का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने बताया कि वह नेक्सा शोरूम में काम करते हैं। सोमवार को अनुराग डोभाल अपने कुछ साथियों के साथ उनसे मिलने पहुंचा था। काम में व्यस्त होने के कारण राज ने बाद में मिलने की बात कही।
शिकायत के अनुसार, रात करीब आठ बजे अनुराग के कहने पर राज येलो हिल्स कैफे के पास मिलने पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्हें कार में बैठा लिया गया और उनका गला दबाते हुए मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
चाकू और पिस्टल होने का भी आरोप
राज सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने काफी देर तक उनका गला दबाए रखा और उन्हें कार के नीचे डालने का प्रयास किया। शिकायत में आरोपियों के पास चाकू और पिस्टल होने की बात भी कही गई है। मामले में अनुराग डोभाल, अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस चौकी पर भी हंगामे का आरोप
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, दोनों पक्षों को बातचीत के लिए पुलिस चौकी बाईपास बुलाया गया था। आरोप है कि वहां अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान ने हंगामा शुरू कर दिया और राज सिंह चौहान से दोबारा मारपीट पर उतारू हो गए।
पुलिसकर्मियों ने स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कथित तौर पर और उग्र हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार अरेस्ट
गिरफ्तार आरोपियों में अनुराग डोभाल निवासी खरड़, चंडीगढ़, अभिषेक निवासी रामपुर मनिहारन, सहारनपुर, अभय चौधरी निवासी बहादारपुर जट, हरिद्वार और कुर्बान निवासी गढ़ी बेसक, पानीपत शामिल हैं। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



