उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अजमेर में आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

अजमेर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को अजमेर के भुणाबाय स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय तथा लोहाखान परियोजना अजमेर शहर के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को खूब प्यार दुलार किया। दिया कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर वहां नन्हें मुन्नों के साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों से रोचक बातचीत की। बच्चे भी उप मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बहुत खुश दिखाई दिए।

उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री दिया कुमारी ने भूणाबाय आंगनबाडी केन्द्र परियोजना श्रीनगर एवं आंगनबाडी केन्द्र लोहाखान परियोजना अजमेर शहर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलक्टर डाॅ. भारती दीक्षित, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग अजमेर तारामति वैष्णव, परियोजना अधिकारी श्रीनगर शैलेन्द्र गुप्ता एवं परियोजना अधिकारी अजमेर शहर विमलेश डेटानी उपस्थित थे।

भूणाबाय आंगन बाडी केन्द्र पर 24 पंजीकृत बच्चे (3-6 वर्ष) में से 20 बच्चे उपस्थित थे। दीया कुमारी ने आंगनबाडी केन्द्र पर पोषाहार एवं शाला पूर्व शिक्षा का निरीक्षण किया गया। केन्द्र के संचालन के संबंध में आंगनबाडी केन्द्र कार्यकर्ता अंजु तुनवाल से जानकारी ली। लाभार्थी बच्चों से भी संवाद किया गया। इसमें बच्चों से उनका नाम, पोषाहार के बारे में पूछा गया। बच्चों को वितरित किया जाने वाला गरम पोषाहार के रसोई घर में जाकर देखा गया। गुणवत्ता की जांच भी की गई। बच्चों को टाॅफी का वितरण किया गया।

लोहाखान आंगनबाडी केन्द्र पर 23 पंजीकृत बच्चे (3-6 वर्ष) में से 21 बच्चे उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री ने आंगनबाडी केन्द्र पर पोषाहार की जानकारी ली गई। उपस्थित बच्चों से संवाद किया। बच्चों ने आंगनबाडी केन्द्र पर सीखी गई कविता भी सुनाई। केन्द्र की व्यवस्थाओं के संबंध में संतुष्टि व्यक्त की गई।

वासुदेव देवनानी से दिया कुमारी की मुलाकात

राजस्थान विधानसभा अध्य्क्ष वासुदेव देवनानी से मंगलवार को यहां उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुलाकात की। देवनानी और दिया कुमारी ने अजमेर सर्किट हाऊस में यह मुलाकात की जो उनकी शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान अजमेर में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे विकास कार्यो को गति देने और पर्यटन को बढावा दिए जाने सहित अजमेर से संबंधित विभिन्न् मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।