वॉशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर किए गए हमले वास्तव में शासन परिवर्तन के समान हैं और युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता जल्द हो सकता है।
टाइम्स ऑफ इजराइल की एक रिपोर्ट के अनुसार मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रूज़ से एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और ईरान ने अमरीका की अधिकांश मांगों पर सहमति जता दी है। उन्होंने रविवार को इस बातचीत में यह भी कहा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरुमध्य से कुछ तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति देने पर सहमति व्यक्त की है।
ट्रंप ने कहा कि भले ही ईरान का व्यापक इस्लामिक गणराज्य ढांचा पूरी तरह ध्वस्त नहीं हुआ है, लेकिन सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और अन्य शीर्ष अधिकारियों की मौत को पुराने शासन के अंत के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पहला शासन पूरी तरह खत्म हो गया, नष्ट हो गया। दूसरा भी लगभग खत्म है और अब हम अलग तरह के लोगों से बात कर रहे हैं… और वे काफी तर्कसंगत रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार अमरीका ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ के साथ संवाद की कोशिश कर रहा है, हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि वह इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े होने के कारण पहले के नेतृत्व की तरह ही सख्त रुख वाले हैं।
ट्रंप ने दोहराया कि यह वास्तव में शासन परिवर्तन है… इससे बेहतर शायद ही कुछ हो सकता है। ट्रंप ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के संबंध में कहा कि उनसे संपर्क नहीं हो पाया है और वह संभवतः गंभीर रूप से घायल हैं। खामेनेई के युद्ध के पहले दिन हुए हमलों में घायल होने की आशंका जताई गई थी, जिसमें उनके पिता अली खामेनेई और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे।



