मिस्र में दो यात्री ट्रेनें टकराईं, सात लोगों की मौत, 125 घायल

0

काहिरा। मिस्र में रविवार को एक भीषण रेल हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 125 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा राजधानी काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दक्षिण में गीज़ा प्रांत के अल-अय्यात इलाके में हुआ। दो यात्री ट्रेनों की टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाना पड़ा।

मिस्र के रेलवे प्राधिकरण के अनुसार गीज़ा से दक्षिण-पश्चिमी शहर फयूम जा रही यात्री ट्रेन संख्या 134 ने काहिरा से दक्षिणी शहर असवान की ओर जा रही ट्रेन संख्या 2010 के पिछले हिस्से को टक्कर मार दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि असवान की ओर जा रही ट्रेन उसी ट्रैक पर खड़ी थी, तभी पीछे से आ रही ट्रेन उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे पटरी से उतरकर क्षतिग्रस्त हो गए।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हादसे में सात लोगों की जान गई, जबकि 125 यात्री घायल हुए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 72 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। घायलों को अल-वस्ता, अल-अय्यात और अतफीह सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुट गए। क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहतकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेलवे प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल यातायात बहाल करने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनरी तैनात की।

राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने और हादसे की त्वरित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्य अभियोजक कार्यालय ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त डिब्बों और रेलवे ट्रैक की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रेन के एक ही ट्रैक पर होने के बावजूद टक्कर कैसे हुई और रेलवे संचालन में सुरक्षा संबंधी किन प्रक्रियाओं का पालन किया गया था।

दुर्घटना के कारण प्रभावित रेल मार्ग पर यातायात बाधित हुआ। यात्रियों की आवाजाही जारी रखने के लिए परिवहन मंत्रालय ने कुछ प्रभावित स्टेशनों के बीच बसों की व्यवस्था भी की।

उल्लेखनीय है कि मिस्र का रेलवे नेटवर्क अफ्रीका और मध्य पूर्व के सबसे पुराने रेल नेटवर्कों में शामिल है। देश में पहले भी कई गंभीर रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2002 में अल-अय्यात क्षेत्र के पास एक यात्री ट्रेन में आग लगने से सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी। लगातार सामने आ रहे रेल हादसों के कारण रेलवे सुरक्षा, रखरखाव और परिचालन व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।