आनासागर झील में गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक आनासागर झील में रविवार को गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मरने से पहले महिला आनासागर चैपाटी की रैलिंग के पास थी और बैसाखी के सहारे चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे सतर्क भी किया लेकिन शायद उसने मन बना लिया था। कुछ ही पल में धड़ाम की आवाज सुनाई दी, महिला पानी में जा चुकी थी।

घटना स्थल पर राहत पहुंचती, तब तक देर हो चुकी थी। बाद में नांव की सहायता से शव को बाहर निकलवाकर मृतका के शव को राजकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय पहुंचाया गया। मृतक बुजुर्ग महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।