इटावा में युवक ने अंधविश्वास में कुल्हाड़ी से खुद पर वार कर दी जान

0

इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बकेवर क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले में सोमवार को अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक युवक ने माता बलि मांग रही हैं कहते हुए खुद पर कुल्हाड़ी से वार कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी भरथना राम दबन मौर्य ने बताया कि मृतक की पहचान राजेश कुमार उर्फ कल्लू के रूप में हुई है, जो लंबे समय से शराब की लत और मानसिक अस्थिरता से जूझ रहा था। पारिवारिक विवाद के बाद उसने अपने घर के बरामदे में कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर लिया। गंभीर हालत में उसे बकेवर के 50 शैया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार राजेश अक्सर माता बलि मांग रही है जैसी बातें करता था, जिससे घर में भय और तनाव का माहौल बना रहता था। रविवार को भी उसने अपने पैर के अंगूठे पर हमला कर खुद को घायल कर लिया था।

घटना के समय चाचा संतोष और चाची पार्वती देवी घर में मौजूद थे। युवक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व झारखंड निवासी रानी से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी मायके चली गई थी। सूचना पर थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।