विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मी होंगे सम्‍मानित : वासुदेव देवनानी

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि गणतन्त्र दिवस और स्वतन्त्रता दिवस पर विधानसभा में आयोजित समारोह में विधानसभा सचिवालय के उत्कृष्ट अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

देवनानी गुरूवार को यहां विधानसभा में उपसचिव मदन गोपाल पारीक की सेवानिवृति पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा को देश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा बनाने में सभी अधिकारी और कर्मचारी एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने राजस्थान विधानसभा को देश की आधुनिकतम विधानसभा बनाने के लिए कहा।

समारोह में देवनानी और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने पारीक का साफा, माला पहनाकर, शॉल ओढाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर अभिनन्दन किया। पारीक को अधिवार्षिकी आयु प्राप्त करने के फलस्वरूप आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में विभिन्न संघों द्वारा भी विदाई दी गई।

देवनानी ने कहा कि सरकारी कर्मी को अपनी राजकीय सेवा के दौरान मर्यादाओं व नियमों का पालन करना चाहिए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करना चाहिए। कार्य नहीं करने की प्रवृत्ति को टालें। स्‍व अनुशासन बनाए।

देवनानी ने कहा कि मानव जीवन में अनेक समस्याएं आती है। यदि किसी कर्मचारी को किसी प्रकार की कोई परेशानी हो तो अध्यक्ष कार्यालय में आकर उनसे मिलकर अपनी समस्या बता सकता है। विधानसभा के सभी कर्मचारी और अधिकारी एक परिवार की भांति राज्य सेवा के कार्यों को करें।

इस मौके पर मौजूद संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राजस्थान विधानसभा सचिवालय की कार्य प्रणाली विशिष्ठ तरह की है। इस अवसर पर श्री पारीक ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर वरिष्ठ उप सचिव पुरूषोत्तम शर्मा, उपसचिव संजीव शर्मा और रघुवीर सिंह शेखावत सहित विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

वासुदेव देवनानी ने दूरदर्शन परिसर में किया पौधारोपण

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को यहां झालाना संस्थानिक क्षेत्र में स्थित जयपुर दूरदर्शन केंद्र परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर देवनानी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण और उनकी निरन्तर देखभाल के लिए आह्वान किया।

देवनानी का यहां दूरदर्शन केन्द्र पर राजस्थान के लोकप्रिय कार्यक्रम धरती धोरां री में एक विशेष साक्षात्कार रिकॉर्ड किया गया। यह विशेष एपिसोड दो मार्च को सुबह 8:45 बजे और 11:15 बजे डीडी राजस्थान पर प्रसारित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष श्का केन्द्र पर पहुंचने पर कार्यालय प्रमुख सतीश देपाल और कार्यक्रम प्रमुख सीमा विजय ने गुलदस्ता एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।

विधानसभा अध्यक्ष की इस विशेष रिकॉर्डिंग के दौरान समाचार प्रमुख मंजू मीणा, निदेशक अभियांत्रिकी एचपी मीणा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रंगलाल बैरवा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वासुदेव शर्मा, संजीव कुमार शर्मा, संपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार परिहार एवं प्रोड्यूसर चेतन प्रकाश समेत केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।