आबूरोड पालिकाध्यक्ष और पार्षदों को छोड़ शेष भाजपा नहीं सहेगी अत्याचार

आबूरोड में रेलवे स्टेशन तिराहे पर प्रदर्शन करते भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता।

परीक्षित मिश्रा
सबगुरु न्यूज-आबूरोड। प्रदेश संगठन हल्ला मचा रहा है कि कांग्रेस का अत्याचार नहीं सहेगा राजस्थान। लेकिन, एक आबूरोड है जहां के पालिकाध्यक्ष और भाजपा के पार्षदों को प्रदेश संगठन के दावों से कोई सरोकार ही नहीं है।
ओबीसी प्रकोष्ठ की तरफ से आबूरोड में नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत रेलवे स्टेशन चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। इसमें ओबीसी के लिए आरक्षित आबूरोड नगर पालिकाध्यक्ष के पद पर आसीन मगनदान चारण ही नजर नहीं आए। हो सकता है कि वो कहीं आवश्यक काम में चले गए हों, लेकिन इंजन नदारद था तो कई बोगियां यानि पार्षद भी इस प्रदर्शन का हिस्सा नहीं बने। इससे यही संदेश जा रहा है कि जनप्रतिनिधि लोग किसके, जीतने के बाद संगठन से खिसके।
-21 पार्षद हैं भाजपा के
इस कार्यक्रम में भाजपा के मुख्य संगठन, मोर्चो और प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को शामिल होना था। पालिकाध्यक्ष समेत आबूरोड नगर पालिका में भाजपा के 21 पार्षद हैं। लेकिन, ये लोग इस प्रदर्शन में नजर नहीं आए।
-जताया कांग्रेस की नीतियों को विरोध

प्रदर्शन के दौरान हाथ में प्लेकार्ड लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भूपेन्द्र साम्बरिया और ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष निखिल कुमावत के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रदेश में महिलाओं से बलात्कार और दुव्र्यवहार की घटनाओं का विरोध जताया। इन लोगों ने प्रदेश में बढ़ते हुए भ्रष्टाचार पर भी अशोक गहलोत सरकार की निंदा की।
ओबोसी मोर्चा के अध्यक्ष निखिल  कुमावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार में महिलाओ बहनों पर दुष्कर्म, दलितों पर अत्याचार, किसानों के साथ धोखा हो रहा है।
भाजपा मण्डल अध्यक्ष भूपेन्द्र सम्बरीया ने कहा कि अशोक गहलोत की सरकार पर उसके विधायक- मंत्री ही आरोप लगा रहे हैं। लाल डायरी का प्रकरण राजस्थान की आमजन के साथ  छलावा है। इसका जबाब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को देना ही पड़ेगा।

इस अवसर पर मण्डल उपाध्यक्ष शैलश प्रजापति,  ओबोसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजा बंजारा, जिला मंत्री दुर्गेश राव, भाजपा नगरमंत्री प्रेमसिंह लोधा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिपेश अग्रवाल, एस्टी मोर्चा अध्यक्ष नीलेश राणा, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष नासीर खान, ओबोसी मोर्चा भाखर अध्यक्ष कीर्ति टांक, ग्रामीण अध्यक्ष अशोक चौधरी पार्षद इमामुद्दीन मोयल, नगरपालिका प्रकोष्ठ के सह जिला सयोजक चम्पालाल लोधी, शेलश अवस्थी, मुकेश मोदी,  मनीष मोरवाल, अक्षत अवस्थी, धर्मेन्द्र शाक्य, जिगर आचार्य, दिनेश कुमार, गुलाब सिंह, शेखर माथुर, महावीर अग्रवाल,मोहन चौधरीआदि  मौजूद थे।