पुड्डुचेरी। पुड्डुचेरी रेलवे स्टेशन पर एक पुलिसकर्मी को चाकू मारने के आरोपी एक छद्म संत (फर्जी बाबा) को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मन्नारगुड़ी का रहने वाला मणिकंदन (46) भगवा वस्त्र पहनकर और बाबा होने का ढोंग कर मंगलवार को पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के तिरुवन्नामलई से पुड्डुचेरी रेलवे स्टेशन आया था। उसे राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने प्लेटफॉर्म पर एक दुकान के पास पेशाब करते पकड़ा था, जबकि वहां महिला यात्री भी मौजूद थीं।
इसके बाद पुलिस ने उसे बाहर निकाल दिया था। जब वह कल दोपहर दोबारा रेलवे स्टेशन आया तो ड्यूटी पर तैनात जीआरपी उप-निरीक्षक (एसआई) सरवनन (40) ने उसे रोका। इसी बीच फर्जी बाबा ने अपने बैग से चाकू निकाला और पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ पर गंभीर घाव हो गए।
गहरी चोट लगने के कारण सरवनन का काफी खून बह गया और वह बेहोश हो गए। स्टेशन पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने मणिकंदन को दबोच लिया और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए सरकारी जनरल अस्पताल पहुंचाया। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर जिपमेर रेफर किया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। ओडियनसालाई पुलिस निरीक्षक सेंथिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और मणिकंदन को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला है कि मणिकंदन बाबा के भेष में भगवा कपड़े पहनकर अलग-अलग जगहों की यात्रा करता था और जनता को ठगता था। उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे यहां की सेंट्रल जेल में भेज दिया गया।


