बोकारो के आजाद नगर में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, फायरिंग की भी सूचना

0

बोकारो। झारखंड मे बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित चमररिया खटाल में होली की शाम दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कुछ वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया। वहीं रात में चार राउंड फायरिंग होने की भी सूचना पुलिस को मिली है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

माराफारी थाना प्रभारी आजाद खान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान फायरिंग के कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत किया गया है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब एक युवक पर दूसरे पक्ष के लड़के को जबरन शराब पिलाने की कोशिश करने का आरोप लगा। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार मामला आपसी वर्चस्व की लड़ाई से भी जुड़ा बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी हेडक्वार्टर ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इलाके में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।