नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-137 स्थित पारस टियरा सोसाइटी में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात करीब 11 बजे सोसाइटी की सातवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते फ्लैट से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया।
शुक्रवार को पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि,घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने फ्लैट का निरीक्षण किया और आग पूरी तरह बुझने के बाद कूलिंग प्रक्रिया पूरी की, ताकि दोबारा आग भड़कने की कोई आशंका न रहे। इसके बाद स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। शॉर्ट सर्किट के चलते एसी में ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग फ्लैट के भीतर फैल गई। हालांकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से आग को फैलने से रोक लिया गया और बड़ा नुकसान टल गया।
इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने की यह घटना थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। फिलहाल फायर विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि एसी सहित अन्य विद्युत उपकरणों की समय-समय पर सर्विसिंग कराते रहें और बिजली की वायरिंग की नियमित जांच करवाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



