जगदलपुर में कांग्रेस की मशाल रैली से भड़की आग, 7 कांग्रेसी झुलसे

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस ने मशाल रैली निकाली। इसी बीच जलती मशाल से अचानक आग भड़क गयी और उसकी चपेट में आने से सात कांग्रेस कार्यकर्ता झुलस गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात मशाल रैली कांग्रेस भवन से शुरू होकर शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरनी थी। मशाल रैली की शुरुआत के बाद कांग्रेसियों का काफिला जैसे ही संजय मार्केट चौक पार कर आगे बढ़ा तो बुझती मसालों को जलाने के लिए उसमें कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता स्प्रिट डालने लगे। स्प्रिट डालने के दौरान ही एक जलती मशाल स्प्रिंट के डिब्बे में जा टिकी और आग भभक गई।

घटना में सात से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता आग की चपेट में आ गए। सभी कार्यकर्ताओं को इलाज के लिए महारानी हॉस्पिटल ले जाया गया है। हादसे में कांग्रेस के दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें हिमांशु और मनीष शामिल हैं। इन दोनों कार्यकर्ताओं को तत्काल रायपुर रेफर किया गया है।