मांड्या में कावेरी नदी के किनारे सेल्फी खींचने के दौरान 5 लोगों की डूबने से मौत

2

मांड्या। कर्नाटक के मांड्या जिले में एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुत्तथी पर कावेरी नदी के किनारे अपनी तस्वीरें (सेल्फी) खींचने के प्रयास में एक ही परिवार की चार महिलाओं और उनके कार चालक सहित पांच लोगों की नदी में डूबने से मृत्यु हो गई है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मृतकों की पहचान विजयम्मा, उनकी पुत्री प्रियंका, श्वेता और चैत्रा तथा कार चालक महेश के रूप में हुई है। ये सभी बेंगलुरु के पास चन्नापटना तालुका के जगदापुरा गांव के रहने वाले थे।

पुलिस के अनुसार यह परिवार बुधवार शाम को एक पारंपरिक भोज में शामिल होने और पूजा-अर्चना करने के लिए कब्बालू मंदिर गया था, जिसके बाद वे मलावल्ली तालुका में स्थित मुत्तथी पर्यटन स्थल पर घूमने गए। नदी के पास तस्वीरें खिंचवाने के दौरान विजयम्मा का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गईं।

परिवार की अन्य महिलाओं ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे भी पानी के तेज बहाव में बह गईं। उन्हें बचाने के लिए कार चालक महेश ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी खुद को नहीं बचा सका और डूब गया।

स्थानीय प्रशासन ने कुशल तैराकों की मदद से तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया और शाम करीब सात बजे तक सभी पांचों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। मांड्या की पुलिस अधीक्षक वीजे शोभा रानी ने बताया कि पानी का स्तर कम दिखने के बावजूद नदी का बहाव बेहद तेज था, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर मांड्या के उपायुक्त डॉक्टर कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल का दौरा किया। इस संबंध में हलासुर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।