नागपुर/रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध शाखा नागपुर और गोंदिया की संयुक्त टीम ने राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) नागपुर के साथ कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से करीब 2.166 किलोग्राम विदेशी सोने के बिस्किट बरामद किए हैं। जब्त सोने की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 9 लाख 40 हजार 881 रुपए बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर से आज मिली जानकारी के अनुसार निरीक्षक अजय शर्मा को सूचना मिली थी कि ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में एक व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहा है। इसके बाद निरीक्षक अजय शर्मा ने गोंदिया क्राइम ब्रांच के निरीक्षक समीर खलखो, सहायक उपनिरीक्षक नासिर खान तथा आरक्षक विकास पटले को डीआरआई नागपुर की टीम के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
संयुक्त टीम ने गोंदिया से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन के पिछले जनरल कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से करीब 2.166 किलोग्राम विदेशी सोने के बिस्किट बरामद हुए। कार्रवाई कलमना और नागपुर स्टेशन के बीच की गई।
आरपीएफ टीम ने गिरफ्तार आरोपी को जब्त सोने सहित आगे की कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के हवाले कर दिया। डीआरआई ने आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



