औद्योगिक संस्थानों को लघु उद्योग भारती से जुड़ना चाहिए : सुरेश रावत

अजमेर। लघु उद्योग भारती चित्तौड़ प्रांत का विस्तार कर खोड़ा गणेशजी इकाई का गठन शुक्रवार को किशनगढ़ में खोड़ा गणेश रोड पंसारी फार्म हाउस में एक सादे समारोह में किया गया।

अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा के मुख्य आतिथ्य, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत व चैयरमेन दिनेश सिंह राठौड़ के अति विशिष्ट आतिथ्य, शांतिलाल बालड प्रदेश की अध्यक्षता और प्रदेश महामंत्री योगेश शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित समारोह में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद का सान्निध्य मिला।

अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद ने कहा कि लघु उद्योग भारती का विचार केवल उद्योग तक ही सीमित नहीं है। इसका लक्ष्य भारतवर्ष को परम वैभव पर ले जाने का है। सम्पूर्ण उद्योग जगत में कार्यरत श्रमिक वर्ग से जुड़े हुए शासन, प्रशासन के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान तथा चुनौतियो को स्वीकार कर मार्ग प्रशस्त करना है।

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि लघु उद्योग भारती सूक्ष्म व लघु उद्योगों की देश की सबसे बड़ी संस्था है। खोड़ा गणेशजी ईकाई के रूप में इसका विस्तार होने से हमारे क्षेत्र के श्रमिकों और औद्योगिक संस्थानों में आपस में सामंजस्य कायम होकर समस्याओं का समाधान भी होगा। औद्योगिक संस्थाओं को अधिक से अधिक संख्या में इस संस्था से जुड़ना चाहिए ताकि उद्योगों व श्रमिकों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण संगठन के माध्यम से ही शीघ्र संभव हो सके।

कार्यक्रम में पवन गोयल, प्रवीण गुप्ता, अजीत अग्रवाल, उमेश गोयल, अनिल मूंदडा, प्रकाश भोमावत और महेंद्र पाटनी सहित सैकड़ों गणमान्य जन उपस्थित थे।