बारां : फायरिंग में नगर परिषद के पूर्व सभापति गौरव शर्मा गंभीर घायल

बारां। राजस्थान में बारां शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के तलावडा एनएच रोड पर आज अज्ञात बदमाशों ने नगर परिषद के पूर्व उपसभापति एवं नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव शर्मा पर फायरिंग कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में घायल श्री शर्मा को एक राहगीर ने घायलावस्था में शहर के एक निजी अस्पताल में उपचारार्थ पहुंचाया। जहां से उन्हें कोटा के लिए रेफर कर दिया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के कारणों का प्रथम दृष्टया पता नहीं चला है। घटना के बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर हालात जाने हैं। बताया जा रहा है कि रंजिशवश या संपत्ति विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया दिया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी ने बताया कि पूर्व उपसभापति, कांग्रेस नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा के सिर पर गोली लगी है। तलावड़ा रोड पर अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई वारदात के बाद किसी राहगीर ने उन्हें घायल अवस्था में निजी अस्पताल पहुंचाया था। जहां से उन्हें कोटा रेफर कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस घटना के पीछे देखा जा रहा है कि कोई रंजीश या संपत्ति का विवाद बना हो। पुलिस पुख्ता जानकारी जुटा रही है। एसपी ने बताया कि फरार हुए बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें रवाना की गई है।