दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली, राजकुमार चौहान भाजपा में शामिल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में आम आदमी पार्टी के साथ चुनावी समझौते के विरोध में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष पद छोड़ने वाले विधायक अरविन्दर सिंह लवली शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

लवली के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अमित मल्लिक, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राज कुमार चौहान, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नेता नीरज बसोया और नसीब सिंह ने भी यहां भाजपा के केंद्रीय कार्यालय पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कांग्रेस से भाजपा में आये दिल्ली के नेताओं का स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े उपस्थित थे।

तावड़े और पुरी ने लवली एवं उनके साथी नेताओं का भारतीय जनता पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा के चुनाव चिह्न वाले अंग वस्त्रम और पुष्प गुच्छ भेंट किया। दिल्ली में लोक सभा की साथ सीटों पर 25 मई को मतदान है।

इस अवसर पर पुरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से भारतीय जनता पार्टी परिवार का सदस्य बने नेताओं की सेवाओं का पार्टी न केवल उपयोग बल्कि अच्छी तरह उपयोग करेगी। लवली और अन्य नेता आप के साथ दिल्ली में लोक सभा सीटों पर कांग्रेस के चुनावी समझौते से असंतुष्ट थे। इस समझौते में दिल्ली की तीन सीटों पर कांग्रेस और चार पर आप के प्रत्याशी होंगे।