राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का निधन

जयपुर। राजस्थान में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का यहां निधन हो गया। वह करीब 96 वर्ष के थे। वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे और उन्होंने गुरुवार देर रात जयपुर के रूंगटा अस्पताल में अंतिम सांस ली।

उनके निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मिश्र ने कहा कि हरिशंकर भाभड़ा राष्ट्रीयता के विचारों से ओतप्रोत संसदीय परंपराओं में गहरी आस्था रखने वाले विरल राजनीतिज्ञ थे। वह आम जन के प्रति जवाबदेही शासन व्यवस्था और राजनीति में शुचिता के प्रबल पक्षधर थे। उनका निधन अपूरणीय क्षति है।

राज्यपाल ने ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। देवनानी ने कहा कि भाभड़ा कुशल जन प्रतिनिधि थे। उन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई।

देवनानी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतृप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।