धमतरी में सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के 4 जवान शहीद

2

धमतरी/रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी बाईपास के पास हुआ, जहां जवानों से भरी एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जगदलपुर स्थित 201 बटालियन से जवानों को लेकर आ रही एक कार खपरी बाईपास के समीप अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जवान कार के भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की सहायता से वाहन में फंसे जवानों को बाहर निकाला।

दुर्घटना में दो जवानों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक अन्य जवान का उपचार जारी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित जवानों का इस प्रकार असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है और यह राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल जवान के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।