ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के पारसी-पारलो कस्बे में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। वहीं, महिला का पति घटना के बाद से लापता है। इस अग्निकांड में कुल 24 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 19 पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पांच मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों के अनुसार आग गुरुवार सुबह करीब 2:30 बजे लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घरों से सामान निकालने और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का पर्याप्त मौका तक नहीं मिला। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों में दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।
जिला उपायुक्त चीचुंग चुखू ने चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला का पति अभी लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चला है। शुरुआती जानकारी में रसोईघर से आग शुरू होने की आशंका जताई गई है।
कस्बे में दमकल केंद्र नहीं होने से बढ़ा नुकसान
इस हादसे ने दूरदराज के पारसी-पारलो कस्बे में आपातकालीन अग्निशमन व्यवस्था की कमी को भी उजागर कर दिया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार कस्बे में अपना दमकल केंद्र नहीं है। करीब 38 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय कोलोरियांग में उपलब्ध दमकल वाहन भी कथित तौर पर समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया। माना जा रहा है कि समय पर दमकल सहायता नहीं मिलने से आग पर काबू पाने में कठिनाई हुई और लपटें आसपास के मकानों तक फैल गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला मुख्यालय से प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू की। प्रशासन की ओर से आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने जताया शोक
राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटे जिला प्रशासन, पुलिस, आपातकालीन सेवाओं, स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों के प्रयासों की सराहना भी की।
प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आया सामाजिक संगठन
इस घटना पर ऑल न्यिशी यूथ एसोसिएशन (ANYA) ने भी गहरा दुख जताया है। संगठन के अध्यक्ष जमरू रुजा ने राज्य सरकार से अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, पुनर्वास और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। संगठन ने पीड़ितों की मदद के लिए आर्थिक सहयोग अभियान चलाने और प्रभावित कस्बे का दौरा करने की भी घोषणा की है।



