बिहार के वैशाली में शौचालय टंकी में उतरे 4 लोगों की दम घुटने से मौत

0

हाजीपुर। बिहार में वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में शौचालय टंकी में उतरे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत दम घुटने से हो गई है।

बताया जा रहा है कि शौचालय टंकी के सोखता में एक व्यक्ति के गिरने के बाद उसे बचाने के प्रयास में पिता-पुत्र समेत अन्य परिजन एक-एक कर अंदर चले गए, जहां जहरीली गैस के कारण दम घुटने से सभी की जान चली गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान आनंद कुमार, उनके पुत्र राहुल कुमार और पंकज कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आनंद कुमार और पंकज कुमार आपस में भाई थे, जबकि राहुल कुमार आनंद कुमार के पुत्र थे। घटना की सबसे मार्मिक बात यह है कि राहुल की शादी 24 फरवरी को हुई थी और शादी के महज एक सप्ताह के भीतर उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम रामबाबू बैठा और लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे और जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गये। प्रशासन ने लोगों से इस तरह के बंद और गैसयुक्त स्थानों में बिना सुरक्षा उपाय प्रवेश न करने की अपील की है।