आंध्र प्रदेश में ट्रेन की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत, एक गंभीर घायल

0

टेक्कली (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रविवालसा क्षेत्र में बर्मा कॉलोनी के पास हुआ, जहां छात्र राज्यरानी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए।

रेलवे पुलिस के अनुसार सभी छात्र इंटरमीडिएट के विद्यार्थी थे और टेक्कली की ओर रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान, घायल छात्र अस्पताल में भर्ती

पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान गंगुवाड़ा विशाखराव (17), जन्नी दिलीप कुमार (17), जन्नी शरथ कुमार (17) और सावरा शिवा (17) के रूप में हुई है। वहीं, घायल छात्र की पहचान गंगुवाड़ा सलमान (18) के रूप में की गई है। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेलवे पुलिस जुटी हादसे की जांच में

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। पुलिस मृतकों के परिजनों को सूचना देने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक साथ चार छात्रों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल, रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।