गया जी। बिहार के गया जिले में डोभी-पटना फोरलेन पर बीती देर रात एक सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। यह हादसा बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास बीती रात करीब 1:30 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खाद से लदा दस चक्का ट्रक सर्विस लेन से विपरीत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था। इसी दौरान डोभी से पटना की ओर तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीजल टैंक फट गया और दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
आग ने कुछ ही पलों में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई तथा कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया। इस हादसे के बाद पुलिस ने घायल चालक को तत्काल मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि ट्रक का बड़ा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस को कार से कुछ खाली शराब की बोतलें भी मिली हैं।
सूचना मिलते ही बोधगया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और एएसआई नीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस के अनुसार मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच जारी है। साथ ही फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश भी की जा रही है।



