मुंबई होर्डिंग दुर्घटना : एटीसी के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक, उनकी पत्नी के शव मिले

मुंबई। मुंबई के पूर्वी उपनगर घाटकोपर में एक पेट्रोल पंप के ऊपर 100 फुट की होर्डिंग गिरने के बाद लापता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के महाप्रबंधक (सेवानिवृत्त) और उनकी पत्नी के शव बुधवार रात उनकी कार के अंदर पाए गए।

वे उन 16 लोगों में शामिल हैं, जिनकी होर्डिंग दुर्घटना में मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनोज चंसोरिया (60) और अनीता (59) के रूप में हुई है, जो मलबे में फंसे 100 अन्य लोगों में शामिल थे। चंसोरिया इस साल मार्च में मुंबई एटीसी के महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और दंपति जबलपुर चले गए थे। पुलिस ने कहा कि वह अनीता के लिए वीजा औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कुछ दिनों के लिए मुंबई में थे।

उन्होंने बताया कि अपना काम पूरा करने के बाद दंपती वापस जबलपुर जा रहे थे और तूफान आने पर घाटकोपर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के लिए रुके थे। जब उन्हें कॉल करने पर कोई जवाब नहीं मिला, तो उनका पुत्र (अमरीका में रहता है) मदद के लिए मुंबई में अपने दोस्त को फोन किया। इसके बाद दोस्त ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दंपति के मोबाइल फोन को ट्रैक करके उनके अंतिम ज्ञात स्थान का पता लगाया, जो घाटकोपर पेट्रोल पंप के पास था। दंपती के दोस्त और रिश्तेदार इस उम्मीद से घटनास्थल पर पहुंचे कि उन्हें मलबे से बचा लिया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि आखिरकार कल देर रात उनके शव मिले।