
शिवगंज। निकाय चुनावों को लेकर रेवदर और पिंडवाड़ा आबू विधानसभा में कांग्रेस की नींद नहीं खुली है वहीं सिरोही विधानसभा में दोनों निकायों के लिए कांग्रेस एक्टिव मोड में आ चुकी है। चुनावी तैयारियों को लेकर शिवगंज कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि चुनाव आ चुके हैं और कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस के समय किए हुए विकास और सौंदर्यीकरण को भाजपा के द्वारा बर्बाद किया जाने की कहानी लोगों को बताएं।
उन्होंने आगामी नगर निकाय चुनाव को जाति और धर्म से ऊपर उठकर शिवगंज के विकास, सम्मान और भविष्य का चुनाव बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
लोढ़ा ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदेश में लगभग पौने तीन वर्ष हो चुके हैं। अब जनता यह सवाल पूछ रही है कि सरकार में मंत्री के रूप में इस अवधि में जनहित में क्या काम किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बोर्ड के समय कराए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें बर्बाद करने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि शिवगंज में जमीनें पहले भी थीं, लेकिन उन जमीनों का उपयोग कर उन्हें जनता के लिए उपयोगी कैसे बनाया जाए, इसकी सोच और प्लानिंग कांग्रेस के समय हुई। उन्होंने रिवरफ्रंट, डिग्गी नाड़ी, विवेकानंद गार्डन, चौराहों के सौंदर्यकरण एवं विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थित मूर्तियों की स्थापना तथा जिला अस्पताल के लिए बजट आवंटित करवाकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने को कांग्रेस की विकास सोच का उदाहरण बताया।
लोढ़ा ने कहा कि रिवरफ्रंट और डिग्गी नाड़ी का निर्माण केवल सौंदर्यकरण के लिए नहीं, बल्कि शहर के युवा, बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों को बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने कहा कि रिवरफ्रंट ऐसा पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल बन गया था, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पहुंचकर अपना समय आनंदपूर्वक बिताते थे।
उन्होंने नेहरू गार्डन में बच्चों के लिए टॉय ट्रेन और वाटर पूल में नौकायन जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस बोर्ड की सोच केवल सड़क और नाली तक सीमित नहीं थी, बल्कि शहरवासियों को बेहतर वातावरण, मनोरंजन और सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उसकी प्राथमिकता थी।
उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद जब शिवगंज की जनता मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही थी, तब लोगों को सकारात्मक वातावरण देने के लिए वार्डवार लड़के-लड़कियों की क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सामाजिक सरोकार और शहर की एकजुटता बनाए रखने के लिए स्थापना दिवस एवं पूर्व विद्यार्थी स्नेह मिलन समारोह जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
लोढ़ा ने कहा कि इस बात का दुख है कि कांग्रेस के समय जो सौंदर्यकरण और जनहित के काम किए गए, उन्हें इस कदर बर्बाद कर दिया गया है कि उन्हें दोबारा उसी स्थिति में लाना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोढ़ा ने कहा कि यदि फिर भाजपा का बोर्ड बनता है तो शहर के विकास कार्यों को और नुकसान होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाएं और जनता को कांग्रेस बोर्ड के विकास कार्यों तथा वर्तमान हालात की जानकारी दें।
लोढ़ा ने भाजपा पर विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर जवाब मांगने के लिए जागरूक करना होगा। उन्होंने रामजी के चढ़ावे, सिरोही रामझरोखे की जमीन तथा शिवगंज चुंगी नाके को तोड़े जाने से जुड़े मामलों को लेकर सवाल उठाए और कहा कि जनता को इन मामलों के बारे में जानकारी देना आवश्यक है।
पेयजल व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस बोर्ड के समय नगरपालिका के अधिकार क्षेत्र से बाहर होने के बावजूद हैंडपंपों पर मोटर लगाकर घर-घर तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज कई स्थानों पर पाइपलाइन, मोटर और टंकियां खराब स्थिति में हैं।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि “इन लोगों के पास शहर के विकास का कोई विजन नहीं है, इनका मकसद केवल जमीनों पर कब्जा करना, ठेके लेना और पट्टों में बड़ी रकम हड़पना रह गया है।”
नगर निकाय चुनावों को लेकर लोढ़ा ने कहा कि कांग्रेस के प्रयासों और न्यायिक हस्तक्षेप के बाद सरकार को चुनाव करवाने के लिए बाध्य होना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस ने न्यायालय का दरवाजा नहीं खटखटाया होता तो सरकार चुनाव करवाने से बचने का प्रयास करती।
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए पेपर लीक के मुद्दे को उठाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखी राजनीतिक टिप्पणी करते हुए उन्हें “पेपरलीक प्रधानमंत्री” कहा।
सम्मेलन के अंत में लोढ़ा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस में सभी एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि टिकट मांगना और चुनाव लड़ना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है, इसलिए सभी इच्छुक कार्यकर्ता बेखौफ होकर अपनी तैयारी शुरू करें।
कार्यक्रम में नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष वजिंग राम घांची, देवराज अग्रवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. हनवंत सिंह मेड़तिया तथा जिला महासचिव कुशल सिंह देवड़ा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश सिंह राव ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण रावल, PCC सदस्य हरीश राठौड़, प्रकाश मीणा, पुरुषोत्तम मिन्हास, मनोहर हिंडोनिया, किस्तूर घांची, नारायण रावल, जय सिंह, मालम सिंह, पूरण सिंह, गोपाल कुमावत, पन्ना लाल, जनक बड़मेरा, हितेश माली, फूला राम सुथार, दिनेश छिपा, जूली जैन, कोमल परिहार, सीमा गहलोत, नजमा सिलावट, उषा देवासी, विनीता वाघेला, नफीसा, मदन माली, अशोक गहलोत, जगवीर सिंह, महिपाल सिंह, पुरुषोत्तम सुथार, राहुल, मयंक, ओटा राम घांची, लकमा राम घांची, लक्ष्मी देवी, अर्जुन ग्वाला, जयंती लाल सोनी, राजेंद्र माली, अंकित जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सिरोही की बैठक कल
कांग्रेस पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सुबह 10:00 बजे तीन बत्ती स्थित अजीत भवन, गांधी पार्क के सामने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में माननीय श्री संयम जी लोढ़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
बैठक में आगामी चुनाव प्रक्रिया को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार करने, वार्डवार तैयारियों की समीक्षा, संगठन को मजबूत करने तथा चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रत्येक वार्ड में पार्टी की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।बैठक को आगामी चुनावों की दृष्टि से संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक माना जा रहा है।


