आपातकाल बीत गया लेकिन कांग्रेस की मानसिकता में कोई परिवर्तन नहीं आया : पीयूष गोयल

जयपुर। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि देश में आपातकाल बीत गया लेकिन कांग्रेस की मानसिकता में कोई परिवर्तन नहीं आया है। गोयल भारतीय जनता पार्टी द्वारा जयपुर के मानसरोवर स्थित विद्यालय में रविवार को आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में सहयोग दिया वही कांग्रेस आगे चलकर भी देश की जनता को प्रताड़ित करेगी ऐसा कभी भारतवर्ष के लोगों ने सोचा भी नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी देश को आजादी के 75 वर्ष होने के बावजूद भी उन्हीं पद चिह्नों पर चल रही है जिनको महात्मा गांधी ने कांग्रेस को आगाह किया था लेकिन यह कांग्रेस आज भी नहीं सुधरी है और वही कार्य कर रही है जो देश हित में नहीं है।

गोयल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को सिर्फ सत्ता का मोह है कांग्रेस की नीतियां देश की जनता के हित में बिल्कुल भी नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना कोई कानूनी प्रक्रिया एवं कारण के आरएसएस के स्वयंसेवकों को बिना वजह जेल में कई महीनों तक बंद कर दिया गया था। देश की जनता में आत्मविश्वास खत्म सा होता दिख रहा था। आपातकाल का दिन वो काला अध्याय था जो कभी नहीं मिटने वाला है। आजाद भारत के इतिहास का वह दिन था जिस दिन भारत के लोकतंत्र की हत्या की गई थी।

उन्होंने कहा कि आपातकाल देश में एक ऐसा दौर था कि मानो देश को वापस किसी ने जकड़ लिया हो। आपातकाल के दौरान देश की छवि संपूर्ण विश्व में किरकिरी हो गई थी। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदार कांग्रेस सरकार रही है। देश के एक लाख चालीस हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और राजनीति से जुड़े व्यक्तियों को बिना वजह जेलों में डाल दिया गया।