हैप्पी बर्थडे : 52 वर्ष की हुईं बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल

1

मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री काजोल आज 52 वर्ष की हो गईं। 5 अगस्त 1974 को मुंबई में जन्मी काजोल को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता सोमू मुखर्जी फिल्म निर्माता थे, जबकि मां तनुजा हिंदी सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। घर में फिल्मी माहौल होने के कारण काजोल बचपन से ही अपनी मां के साथ फिल्म की शूटिंग देखने जाया करती थीं। इसी वजह से उनका रुझान भी फिल्मों की ओर हो गया और उन्होंने अभिनेत्री बनने का सपना देखा।

काजोल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट, पंचगनी से प्राप्त की।
काजोल ने वर्ष 1992 में प्रदर्शित फिल्म बेखुदी से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इस युवा प्रेम कहानी में उनके नायक कमल सदाना थे, लेकिन कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी।

वर्ष 1993 में काजोल को अब्बास-मस्तान निर्देशित फिल्म बाजीगर में काम करने का अवसर मिला। फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान थे। हालांकि फिल्म का केंद्र शाहरुख खान का किरदार था, लेकिन काजोल ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।

वर्ष 1994 काजोल के करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस दौरान उनकी उधार की जिंदगी, ये दिल्लगी और करण अर्जुन जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं। उधार की जिंदगी व्यावसायिक रूप से सफल नहीं रही, लेकिन इसमें उनके अभिनय के लिए उन्हें बॉम्बे फिल्म जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन का सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार मिला। वहीं ये दिल्लगी में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ उनकी भूमिका को काफी सराहा गया और इसके लिए उन्हें पहली बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार के लिए नामांकन मिला।

वर्ष 1995 में यश चोपड़ा के बैनर तले बनी दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे काजोल के करियर की मील का पत्थर साबित हुई। शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी ने भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में अपनी जगह बनाई। यह फिल्म ऐतिहासिक सुपरहिट साबित हुई और आज भी हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है।

वर्ष 1997 में निर्माता-निर्देशक राजीव राय की फिल्म गुप्त में काजोल ने पहली बार ग्रे शेड वाला किरदार निभाया। इस फिल्म में उनके अभिनय को जबरदस्त सराहना मिली और उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ खलनायक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वह यह पुरस्कार जीतने वाली हिंदी फिल्म उद्योग की पहली अभिनेत्री बनीं।

वर्ष 1998 में प्रदर्शित दुश्मन में काजोल ने पहली बार दोहरी भूमिका निभाई और अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। इसी वर्ष उनकी प्यार तो होना ही था और कुछ कुछ होता है भी प्रदर्शित हुईं। इन दोनों फिल्मों के लिए भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन मिला। यह उनके करियर का पहला अवसर था जब एक ही वर्ष में तीन फिल्मों के लिए उन्हें फिल्मफेयर नामांकन प्राप्त हुआ। कुछ कुछ होता है के लिए उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता।

वर्ष 1999 में काजोल ने सतीश कौशिक निर्देशित ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ में अभिनय किया। इस फिल्म के लिए भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन मिला। इसी वर्ष उन्होंने अभिनेता अजय देवगन से विवाह कर लिया, जिसके बाद उन्होंने फिल्मों में अपनी सक्रियता कुछ कम कर दी।

वर्ष 2001 में प्रदर्शित कभी खुशी कभी ग़म के बाद काजोल ने कुछ समय के लिए फिल्म उद्योग से दूरी बना ली। वर्ष 2006 में उन्होंने यशराज फिल्म्स की फना के जरिए शानदार वापसी की। आमिर खान के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया और इस फिल्म के लिए उन्हें एक बार फिर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।

काजोल के करियर में शाहरुख खान के साथ उनकी जोड़ी सबसे अधिक लोकप्रिय रही। दोनों ने बाजीगर, करण अर्जुन, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कुछ कुछ होता है, कभी खुशी कभी ग़म, माय नेम इज़ खान और दिलवाले जैसी कई सफल फिल्मों में साथ काम किया।

वर्ष 2010 में प्रदर्शित माय नेम इज़ खान में उनके अभिनय की व्यापक सराहना हुई और उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार मिला। वर्ष 2011 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया।

वर्ष 2015 में रोहित शेट्टी निर्देशित दिलवाले में शाहरुख खान के साथ उनकी वापसी को दर्शकों ने खूब पसंद किया और फिल्म व्यावसायिक रूप से सफल रही। वर्ष 2018 में प्रदर्शित हेलीकॉप्टर ईला में उन्होंने एक अलग तरह की भूमिका निभाई, हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता हासिल नहीं कर सकी।

वर्ष 2020 में काजोल ने अजय देवगन के साथ फिल्म तानाजी: द अनसंग वॉरियर में अभिनय किया, जो सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद वह त्रिभंग, सलाम वेंकी, डिज्नी हॉटस्टार की वेब सीरीज द ट्रायल: प्यार, कानून, धोखा, नेटफ्लिक्स फिल्म दो पत्ती, देशभक्ति थ्रिलर सरजमीन और हॉरर फिल्म मां में नजर आईं। इन सभी परियोजनाओं में उनके अभिनय की सराहना की गई। काजोल की आगामी फिल्मों में एक्शन थ्रिलर महारागनी: क्वीन ऑफ क्वींस प्रमुख है, जिसमें वह एक नए और दमदार अवतार में दिखाई देंगी।