हैप्पी बर्थडे : 51 वर्ष की हुईं शिल्पा शेट्टी

1

मुंबई। बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री और फिटनेस आइकन शिल्पा शेट्टी आज 51 वर्ष की हो गईं। 08 जून 1975 को कर्नाटक के मैंगलोर में जन्मी शिल्पा शेट्टी ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1991 में महज 16 वर्ष की उम्र में लिम्का के विज्ञापन से की थी।

उन्होंने बतौर अभिनेत्री अपने फिल्मी सफर की शुरुआत वर्ष 1993 में प्रदर्शित फिल्म बाजीगर से की। इस फिल्म में उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान की प्रेमिका की भूमिका निभाई थी। फिल्म की सफलता के साथ ही शिल्पा ने हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बना ली।

अपने करियर में शिल्पा शेट्टी ने अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, सलमान खान और गोविंदा समेत कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया है। उन्होंने अभिनय के साथ-साथ टेलीविजन और फिटनेस के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

वर्ष 2009 में शिल्पा ने उद्योगपति राज कुंद्रा के साथ विवाह किया। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रखा। वर्ष 2014 में प्रदर्शित फिल्म ‘ढिश्कियाऊं’ से उन्होंने बतौर निर्माता अपने करियर की शुरुआत की, हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी।

फिटनेस को लेकर जागरूक शिल्पा शेट्टी सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। वह नियमित रूप से योग और स्वास्थ्य संबंधी वीडियो साझा कर अपने प्रशंसकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।

शिल्पा शेट्टी के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी, शूल, लाल बादशाह, धड़कन, फिर मिलेंगे और अपने शामिल हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने डिजिटल मंच पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वर्ष 2024 में प्रदर्शित निर्देशक रोहित शेट्टी की वेब सीरीज इंडियन पुलिस फोर्स में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।