बड़वानी में गायब हुई 7 साल की बालिका का सिर मिला

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के चाचरिया पुलिस चौकी क्षेत्र में गायब हुई 7 वर्षीय बालिका का सिर मिला है। बालिका को किसी जंगली जानवर द्वारा खाए जाने की आशंका है।

सेंधवा के एसडीओपी कमल सिंह चौहान ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र रावलिया माल से एक सात वर्षीय बालिका गायब हो गई थी। दरअसल बालिका अपनी दादी झिंगाबाई के साथ घर के बाहर सो रही थी। कल सुबह दादी ने पाया कि एक बालिका तो पलंग पर है लेकिन 7 वर्षीय बालिका गायब है।

उसने ग्राम पटेल धर्म सिंह व अन्य को सूचित किया। पहाड़ी क्षेत्र में ढूंढे जाने पर एक गड्ढे में बालिका का सिर मिला। आसपास चार-पांच हड्डियां व मांस के लोथड़े मिले। उसकी फ्रॉक कुछ दूरी पर झाड़ियां में फंसी मिली। उन्होंने एफएसएल और वन विभाग की शुरुआती जांच के बाद बताया कि प्रथम दृष्टिया यह प्रतीत हो रहा है कि उसे जंगली जानवर ने ले जाने के बाद अपना शिकार किया है।

उन्होंने बताया कि बालिका के सिर को आज रात्रि पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बालिका के माता-पिता महाराष्ट्र मजदूरी करने गए थे। और वह अपनी दादी के साथ थी। घटना के समय दो बच्चे अंदर सो रहे थे जबकि दादी और दो अन्य बच्चियों बाहर सो रहे थे। बालिका के पिता मिसिया को 10,000 रुपये की सहायता दी गई है। घटना के चलते ग्राम में सनसनी फैल गई है।